1 मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) में एक लाख से अधिक हितग्राहियों को हितलाभ वितरित करेंगे। कार्यक्रम कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन केन्द्र (मिन्टो हॉल) भोपाल में 23 फरवरी को दोपहर 3 बजे होगा। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान सिंगल क्लिक के माध्यम से 26 हजार 500 आवास हितग्राहियों को 250 करोड़ रूपये की किश्त अंतरित करेंगे। साथ ही 50 हजार नवीन आवासों में हितग्राहियों को गृह प्रवेश एवं 30 हजार नवीन स्वीकृत आवासों का वर्चुअल भूमि-पूजन करेंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान हितग्राहियों से वर्चुअल संवाद भी करेंगे। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दूरदर्शन मध्यप्रदेश तथा जनसम्पर्क के यूट्यूब चैनल पर भी किया जायेगा।
2 मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान आगामी 25 फरवरी को शहडोल में राज्य स्तरीय रोजगार दिवस समारोह में ऋण वितरण करेंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान 5 लाख से अधिक हितग्राहियों को पीएम स्वनिधि योजना, मुद्रा योजना, मुख्यमंत्री ग्रामीण पथ विक्रेता योजना आदि में राशि का वितरण करेंगे। शहडोल जिले के 10 हजार से अधिक हितग्राही लाभान्वित होंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित समीक्षा बैठक में इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम की सभी तैयारियों को पूर्ण करने के निर्देश दिए। शहडोल के साथ ही 25 फरवरी को सभी जिलों में रोजगार दिवस के कार्यक्रम आयोजित होंगे।
3 मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज मुख्यमंत्री निवास से वीडियो कॉन्फ्रेंस द्वारा ग्वालियर के नवीन जिला पंचायत भवन, संयुक्त राजस्व भवन और वीर सावरकर सरोवर कटोरा ताल का लोकार्पण किया। इन सभी कार्यों की संयुक्त लागत करीब 75 करोड़ रूपये है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने ग्वालियर के नागिरकों को बधाई देते हुए कहा कि ग्वालियर के विकास के लिए राज्य सरकार सक्रिय है। यह नगर विकास की दौड़ में किसी से पीछे नहीं रहेगा। ग्वालियर का अपना इतिहास है। यहाँ शास्त्रीय संगीत से लेकर अन्य समृद्ध सांस्कृतिक परंपराएँ हैं। ग्वालियर के हैरीटेज को निरंतर निखारा जाएगा।
4 राष्ट्रीय जल जीवन मिशन में प्रदेश की समग्र ग्रामीण आबादी को घरेलू नल कनेक्शन से पेयजल की आपूर्ति किए जाने के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग और जल निगम द्वारा जल संरचनाओं की स्थापना एवं विस्तार के कार्य किए जा रहे हैं। संभाग में इंदौर जिले की 387, धार 412, झाबुआ 425, बड़वानी 265, अलीराजपुर 114, खरगोन 380, खण्डवा 313 तथा बुरहानपुर जिले की 83 जल संरचनाएँ शामिल हैं। इन जिलों के लिए नवीन योजनाओं के साथ ही विभिन्न ग्रामों में पूर्व से निर्मित पेयजल अधो-संरचनाओं को नये सिरे से तैयार कर रेट्रोफिटिंग के अन्तर्गत भी कार्य किये जा रहे हैं।
5 पशुपालन एवं डेयरी मंत्री श्री प्रेमसिंह पटेल 24 फरवरी को जबलपुर के नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय में कृषक प्रशिक्षण केन्द्र का लोकार्पण एवं पशुपालक संगोष्ठी का शुभारंभ करेंगे। प्रशिक्षण केन्द्र के आरंभ होने से किसानों को नई तकनीकी का प्रशिक्षण मिलेगा, जिससे उनकी आय में बढ़ोत्तरी होने के साथ ही कृषि की लागत कम करने पर भी ध्यान दिया जाएगा। पशुपालक संगोष्ठी में एकीकृत कृषि प्रणाली और पशुपालन से कृषकों की आय में कैसे दोगुनी वृद्धि की जा सकती है, की जानकारी दी जाएगी।