मध्य प्रदेश की दिनभर की सारी न्यूज अपडेट के लिए सुनिए एमपी हाइलाइट्स खबरे प्रदेश की।
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आज मैंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को केन-बेतवा लिंक परियोजना के लिए राशि स्वीकृत करने के लिए मध्यप्रदेश की जनता की ओर से ह्रदय से धन्यवाद दिया है। मैंने प्रधानमंत्री जी से इस परियोजना के भूमिपूजन कार्यक्रम में पधारने का अनुरोध किया है। उज्जैन में श्री महाकाल मंदिर परिसर के विस्तार, इंदौर में "वेस्ट टू वेल्थ" अंतर्गत गीले कचरे से सीएनजी बनाने के प्लांट व महिला स्वसहायता समूहों द्वारा संचालित किए जाने बावत हमारे सेल्फ हेल्प ग्रुप के 7 पोषण आहार प्लांटों के लोकार्पण का निवेदन भी प्रधानमंत्री जी से किया या है।
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि संत रविदास अद्भुत संत थे। उनके द्वारा समाज को जोड़ने के लिए किए गए प्रयासों का व्यापक प्रभाव रहा है । संत रविदास जयंती पर संपूर्ण प्रदेश में कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। सबका साथ और सबका विकास की अवधारणा के तहत जनभागीदारी से सामाजिक अधिकारों को सामाजिक समरसता के साथ सभी वर्गों तक पहुंचाने के राज्य सरकार द्वारा प्रयास किये जा रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान 16 फरवरी 2022 को संत रविदास जयंती समारोह के संबंध में निवास कार्यालय में आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे ।उल्लेखनीय है की संत रविदास जयंती 16 फरवरी को भोपाल में राज्य स्तरीय कार्यक्रम के साथ-साथ सभी जिला मुख्यालयों और प्रदेश की 22710 पंचायतों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भोपाल में आयोजित मुख्य कार्यक्रम को मुख्यमंत्री श्री चौहान संबोधित करेंगे।
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान कुशाभाऊ ठाकरे सभागार, भोपाल से जल जीवन मिशन में लाभान्वित ग्रामीण परिवारों से 4 फरवरी की अपरान्ह 3 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से संवाद करेंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान से संवाद के लिए जल जीवन मिशन में जिन जिलों के ग्रामीण परिवारों तक नल से जल पहुँचाया गया है, उनमें से 16 जिलों के एक-एक ग्राम को चुना गया है।मुख्यमंत्री श्री चौहान ग्रामवासियों, जन-प्रतिनिधियों और ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति के सदस्यों से वर्चुअली संवाद कर नल से जल प्रदाय से हुई सुगमता और जल जीवन मिशन की योजनाओं के समुचित संचालन एवं संधारण के संबंध में भी संवाद करेंगे।राष्ट्रीय जल जीवन मिशन में अब तक 46 लाख 11 हजार से अधिक ग्रामीण परिवारों को नल से जल पहुँचाया जा चुका है। प्रदेश में 4 हजार 44 ग्राम ऐसे हैं, जहाँ हर घर में जल की उपलब्धता सुनिश्चित की जा चुकी है। मिशन में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग और जल निगम द्वारा प्रदेश के लगभग हर जिले के ग्रामीण क्षेत्र में नल से जल-प्रदाय की योजनाओं के कार्य किये जा रहे हैं।मुख्यमंत्री श्री चौहान भोपाल जिले के बिलखिरिया, सीहोर के सतपिपलिया, देवास के बरखेड़ा कायम, सागर के चकेरी, पन्ना के रायनगर, जबलपुर के नीमखेड़ा, मण्डला के भँवरदा, सिवनी के मुनगापार, रीवा के जुडमुनियाँ मुरली, नीमच के उम्मेदपुरा, अशोकनगर के सेहराई, छिंदवाड़ा के मऊ, अनूपपुर के हर्राटोला, उज्जैन के रणायरापीर, दमोह के सिमरीशुक्ला और निवाड़ी जिले के बवई ग्राम के लाभार्थियों से संवाद करेंगे।
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान कल 3 से 11 जनवरी 2022 तक हुई विभागीय समीक्षाओं में दिए गए निर्देशों के क्रियान्वयन की समीक्षा में कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रस्तुत केंद्रीय बजट अमृत काल का बजट है। यह प्रदेश की तस्वीर और तकदीर बदलने का समय है। टीम मध्यप्रदेश बिना एक क्षण गवाएँ, प्रदेश के विकास और उन्नति के लिए निरंतर कार्य करें। गौरवशाली, वैभवशाली भारत के निर्माण में मध्यप्रदेश अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देगा। बैठक में केन्द्रीय बजट से मध्यप्रदेश द्वारा लाभ उठाए जाने की रणनीति और राज्य बजट 2022-23 में विभिन्न विभागों की प्राथमिकताओं पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने वाराणसी में आयोजित मुख्यमंत्री परिषद के विभिन्न बिन्दुओं पर की गई कार्यवाही की भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि सभी निर्धारित गतिविधियाँ टाइम लाइन में पूर्ण करना सुनिश्चित करें। आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश का निर्माण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश के विकास के लिए सभी अधिकारी टीम भावना से कार्य करें। सरकारी कार्यों की जानकारी हर अधिकारी को होना चाहिए। सभी विभागों के अधिकारी समन्वय बनाकर कार्य करें। एक-दूसरे के विभाग के कार्यों को समझें और विसंगति हो तो तत्काल उसे दूर करने के प्रयास करें।