मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कुशाभाऊ ठाकरे सभागार, भोपाल से जल जीवन मिशन में लाभान्वित ग्रामीण परिवारों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद किया। कार्यक्रम के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री चौहान का का स्वागत छिंदवाड़ा जिले की स्वसहायता समूह की बहनों ने मोर मुकुट पहनाकर किया। कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी राज्यमंत्री श्री ब्रजेंद्र सिंह यादव उपस्थित रहे।
संवाद के दौरान महिलाओं ने बताया कि कैसे उनके जीवन की एक बड़ी कठिनाई तो दूर हुई, साथ ही मानव श्रम और समय की भी बचत हुई। इसके लिए प्रधानमंत्री श्री मोदी और मुख्यमंत्री श्री चौहान का धन्यवाद दिया। जल जीवन मिशन के अंतर्गत पेयजल मध्यप्रदेश में गांव-गांव में हर घर तक टोंटी वाले नल से उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रदेश की ग्रामीण आबादी के वे सभी ग्राम "हर घर-जल ग्राम" घोषित किए जा रहे हैं, जहाँ ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा उपलब्ध करवाई जा चुकी है। ऐसे 4045 ग्राम हैं, जिनमें यह शुरूआत हो रही है। अब इन ग्रामों में अब नल के माध्यम से पेयजल मिल रहा है। मध्यप्रदेश में 4 हजार से अधिक ग्रामों में नल से पेयजल प्रदाय की व्यवस्था फलीभूत हुई है। ग्रामीण माताएँ और बहनें जिन पर घर में पीने का पानी लेकर आने का दारोमदार होता था "जल जीवन मिशन" ने उनका जीवन सुगम कर दिया है।
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने ज निवास पर पद्मश्री से अलंकृत इस वर्ष की 4 और गत वर्ष की 4 विभूतियों को सम्मानित किया। मध्यप्रदेश में चिकित्सा क्षेत्र के पितामह कहे जाने वाले स्व. डॉ. एनपी मिश्रा को मरणोपरांत पद्मश्री मिलने के कारण श्री चौहान ने उनके परिजनों को सम्मानित किया। सीएम श्री चौहान ने इस वर्ष पद्मश्री से सम्मानित हुए बुंदेलखंड के 94 वर्षीय राई नृत्य कलाकार श्री राम सहाय पांडे, डिंडौरी जिले की गोंड शैली की चित्रकार श्रीमती दुर्गा बाई व्याम, मंडला जिले के बैगा जनजातीय नृत्य कलाकार श्री अर्जुन सिंह धुर्वे को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 'पोषण अभियान' के अंतर्गत सीहोर जिले की आँगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को 1,465 स्मार्ट फोन का वितरण किया। इसमें 1415 आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और 50 सुपरवाइजर शामिल हैं। सीएम श्री चौहान ने कहा कि मैं महीला एवं बाल विकास विभाग के सभी अधिकारी और कर्मचारियों को बधाई देना चाहता हूं कि हम कुपोषण के स्तर में कमी करने में सफल हुए हैं। सतत प्रयत्नों के कारण स्थिति लगातार सुधर रही है। फिर भी जब तक हर बच्चा स्वस्थ नहीं होगा, हम चैन की सांस नहीं लेंगे। बच्चों के अलग-अलग तरह के पोषण की जांच की जा रही है। बच्चों और महिलाओं का एनीमिया कम करने के लिए लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। कुपोषण के स्तर को कम करने में हम सफल हुए हैं, हमारे प्रयासों से स्थिति लगातार सुधर रही है।साथ ही मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आंगनवाड़ी गोद लेने वाले लोगों को बधाई दी।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा होशंगाबाद का नाम नर्मदापुरम और बाबई का नाम माखन नगर करने के राज्य सरकार के प्रस्ताव को स्वीकार करने पर मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री श्री मोदी का आभार माना है। उन्होंने कहा कि दादा माखनलाल चतुर्वेदी की जन्मस्थली बाबई का नाम बदल कर 'माखन नगर' करने के आग्रह को केंद्र सरकार द्वारा स्वीकृत कर लिया गया है। बाबई के नागरिकों के आग्रह को स्वीकार करने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का आत्मीय आभार। उन्होने कहा कि भारतीय काव्य के प्रख्यात छायावादी रचनाकार एवं विराट व्यक्तित्व दादा माखनलाल को नमन स्वरूप बाबई अब 'माखन नगर' के नाम से जाना जायेगा। उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को सम्मानित करने का यह एक विनम्र प्रयास है।मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके साथ ही होशंगाबाद जिले का नाम 'नर्मदापुरम' करने के आग्रह को भी केंद्र सरकार द्वारा स्वीकृति दी गई है। नर्मदा जयंती के पावन अवसर से यह व्यवस्था लागू होगी। बाबई एवं होशंगाबाद के निवासियों सहित समूचे प्रदेश की ओर से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का हार्दिक अभिनंदन