Kyaa aap jante hain? / Do you know?

भारत के शास्त्रीय नृत्य - भाग- 5 (कुचिपुड़ी) | Classical Dance forms of India – Part 5 (Kuchipudi)


Listen Later

कुचिपुड़ी:

नमस्कार, चलिए आज आंध्रप्रदेश चलते हैं और जानते हैं वहाँ जन्में शास्त्रीय नृत्य कुचिपुड़ी को। आप सोच रहे होंगे, कत्थक, कथकली, भरतनाट्यम, मोहिनीअट्टम, और कुचिपुड़ी? इसमें तो नृत्य से जुड़ा कुछ भी नहीं। तो आप बिलकुल सही सोच रहे हैं। कुचिपुड़ी आंध्रप्रदेश में कृष्णा डिस्ट्रिक्ट का एक छोटा सा गाँव है जहाँ से कुचिपुड़ी नृत्य की शुरुआत हुई थी। कुचिपुड़ी, कुचेलापुरम या कुचिलापुरी का संक्षिप्त रूप है। दिलचस्प बात तो ये है कि ये दोनों शब्द संस्कृत शब्द कुसिलावा पुरम का तद्भव रूप हैं, जिसका अर्थ है 'अभिनेताओं का गाँव'।

जैसा की हम पहले जान चुके हैं, भारत के सभी शास्त्रीय नृत्यों की जड़ें भरतमुनि द्वारा रचित नाट्यशास्त्र से जुड़ी हैं जिसमें कुचिपुड़ी का उल्लेख भी किया गया है। यह भारत के सभी प्रमुख शास्त्रीय नृत्यों की तरह मंदिरों और आध्यात्मिक विश्वासों से जुड़ी नृत्य कला के रूप में विकसित हुआ। मध्यकालीन युग के नृत्य-नाट्य प्रदर्शन के कलाकार ब्राह्मण थे। भारतीय संस्कृति में प्राचीन समय से ही नृत्य और संगीत को भगवान से जुड़ने का एक माध्यम माना जाता रहा है। कुचिपुड़ी के अस्तित्व के साक्ष्य 10वीं शताब्दी के तांबे के शिलालेखों में पाए जाते हैं, और 15वीं शताब्दी तक माचुपल्ली कैफत जैसे ग्रंथों में पाए जाते हैं। ऐसा माना जाता ​​है कि तीर्थ नारायण यति, जो कि अद्वैत वेदांत को मानते वाले एक संन्यासी थे, और उनके शिष्य, सिद्धेंद्र योगी ने 17वीं शताब्दी में कुचिपुड़ी के आधुनिक रूप की स्थापना की और उसे व्यवस्थित किया। कुचिपुड़ी कृष्ण को समर्पित एक वैष्णववाद परंपरा के रूप में विकसित हुआ और इसे तंजावुर में भागवत मेला के नाम से जाना जाता है।

पुराने समय में बस पुरुष नर्तकों द्वारा ही कुचिपुड़ी का प्रदर्शन किया जाता था। पुरुष की भूमिका में एक नर्तक अग्निवस्त्र या धोती पहनते हैं जिसे बागलबंदी के नाम से भी जाना जाता है। महिला की भूमिका में नर्तक साड़ी पहना करते थे और हल्का मेकअप भी लगते थे। वर्त्तमान समय में ये नृत्य स्त्री और पुरुष दोनों ही करते हैं। कुचिपुड़ी के कलाकारों को राजसी सहयोग व प्रोत्साहन भी मिलता था। १५ वीं और सोलहवीं शताब्दी में इस कला का खूब विकास हुआ पर विजयनगर साम्राज्य के पतन के साथ ही मुगलों के अधीन नृत्य और संगीत को अनैतिक कह बंद करवा दिया गया और लगभग पांच सौ कलाकारों को दक्षिण की ओर पलायन करना पड़ा। सन सोलह सौ अठत्तर में गोलकुंडा के शिया नवाब को कुचिपुड़ी नृत्य प्रदर्शन इतना अच्छा लगा कि उन्होंने कलाकारों को ज़मीनें दी और उनसे नृत्य प्रदर्शन जारी रखने को कहा। अठारवीं शताब्दी में अंग्रेज़ों ने सभी शास्त्रीय नृत्यों पर रोक लगा दी।

कुचिपुड़ी प्रदर्शन आमतौर पर एक मंगलाचरण के साथ शुरू होता है। फिर, प्रत्येक अभिनेता का परिचय दिया जाता है और उनकी भूमिका बताई जाती है, और फिर वे संगीत और ताल को बैठाने के लिए एक छोटा प्रारंभिक नृत्य करते हैं जिसे धारावु कहा जाता है। अगला, प्रदर्शन शुद्ध नृत्य (नृत्त) प्रस्तुत करता है। इसके बाद प्रदर्शन का वो हिस्सा आता है जो भावों अभिव्यक्ति से भरा होता है, उसे नृत्य कहा जाता है। पूरे प्रदर्शन की लाया और ताल कर्नाटक संगीत में होती है, और शब्द तेलुगु भाषा में। अगर वाद्य यंत्रों की बात की जाए तो एक पारम्परिक कुचिपुड़ी नृत्य प्रदर्शन में मुख्य रूप से मृदंग, झांझ, वीणा, बांसुरी और तंबूरे का प्रयोग होता है।

बीसवीं शताब्दी में राजा और राधा रेड्डी भारतीय कुचिपुड़ी नृत्य युगल, गुरु और कोरियोग्राफर हैं। वे कुचिपुड़ी के पारंगत कलाकार और गुरुओं के रूप में प्रसिद्ध हैं। यामिनी रेड्डी, कौशल्या रेड्डी भी कुचिपुड़ी से जुड़े कुछ माने हुए नाम हैं।

...more
View all episodesView all episodes
Download on the App Store

Kyaa aap jante hain? / Do you know?By Asha Gaur