1 राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने सशस्त्र सेना झंडा दिवस की सफलता के लिये शुभकामनाएँ प्रेषित की है। उन्होंने प्रदेश-वासियों से अनुरोध किया है कि सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर देश की रक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर प्रदेश तथा देश को गौरवान्वित करने वाले शहीदों और सीमा पर कर्त्तव्य पर डटे सैनिकों के लिए कल्याण निधि में अधिक से अधिक राशि का अंशदान कर उनके प्रति आदर और एकता का प्रदर्शन करें।
2 मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान को सशस्त्र सेना झंडा दिवस पर संचालक सैनिक कल्याण संचालनालय, ब्रिगेडियर अरुण सहगल ने दिवस का प्रतीक ध्वज लगाया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने अपनी ओर से सहयोग राशि प्रदान की। मुख्यमंत्री श्री चौहान को प्रतीक-चिन्ह भी भेंट किया गया। संयुक्त संचालक सैनिक कल्याण कमांडर उदय सिंह तथा सहायक संचालक कर्नल संजय प्रधान उपस्थित थे।
3 मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में हुई मंत्रि-परिषद की बैठक में राष्ट्रीय उद्यानों/अभयारण्यों (संरक्षित क्षेत्रों) एवं टाईगर रिजर्व के कॉरिडोर से ग्रामों के पुनर्वास के लिये राज्य योजना में मुआवजा की प्रति परिवार पैकेज राशि 10 लाख से बढ़ाकर 15 लाख रूपये अंगीकार करने की मंजूरी दी गयी। वन विभाग की ग्रामों के पुनर्वास के लिये ''मुआवजा" योजना को आगामी पाँच वर्षों अर्थात् 2021-22 से 2025-26 के लिये राशि 75 करोड़ की स्वीकृति दी गयी। कैम्पा मद से वित्तीय वर्ष 2022-23 से 2025-26 तक कुल 4 वर्षों के लिये 285 करोड़ रूपये की स्वीकृति जारी की जाने का अनुमोदन भी किया गया।
4 मंत्रि-परिषद ने ग्वालियर व्यापार मेला, ग्वालियर का आयोजन सुचारू संचालित करने के दृष्टिगत सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग द्वारा प्रशासित अधिनियम "ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण अधिनियम में शब्द "वाणिज्य एवं उद्योग विभाग" के स्थान पर शब्द "सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग" प्रतिस्थापित करने के लिये ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण (संशोधन) विधेयक 2021 का अनुमोदन किया। इस विधेयक को विधानसभा में प्रस्तुत कर पारित कराने की सभी कार्यवाही करने के लिये सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम विभाग को अधिकृत किया गया है।
5 मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि कोरोना वायरस की तीसरी लहर आने की संभावना है। इससे बचाव के लिए संपूर्ण प्रदेश में सजगता और सतर्कता आवश्यक है। हमें मास्क, सोशल डिस्टेंसिंग और शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित कर कोरोना वायरस का सामना करना है। हमारा प्रयास यह हो कि लॉकडाउन की स्थिति निर्मित न हो और अर्थ-व्यवस्था सामान्य रूप से चलती रहे। कोरोना का सामना करने के लिए सभी व्यवस्थाएँ चाक-चौबंद हैं, यह सुनिश्चित करने लिए सभी प्रभारी मंत्री इस हफ्ते में अपने प्रभार के जिलों और अपने क्षेत्र के चिकित्सालयों का भ्रमण सुनिश्चित करें तथा ऑक्सीजन प्लांट, ऑक्सीजन बेड, ऑक्सीजन पाइप लाइन आदि की व्यवस्था का आवश्यक रूप से परीक्षण कर लें।
6 ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया है कि राज्य शासन द्वारा निर्णय लिया गया है कि प्रदेश के समस्त शासकीय कार्यालयों की ऊर्जा खपत में कम से कम 10 प्रतिशत की बचत की जाये। उन्होंने आग्रह किया है कि कार्यालय में जरूरत न होने पर उपकरण को मेन स्विच से ऑफ करें। कार्यालय से जाते समय समस्त विद्युत उपकरणों को स्विच ऑफ करें। कार्यालयों में गुणवत्तायुक्त एल.ई.डी. बल्ब का उपयोग करें, जो सामान्य बल्ब की अपेक्षा विद्युत की बचत करते हैं एवं अधिक समय तक खराब भी नहीं होते हैं |