Pratidin Ek Kavita

Pratidin Ek Kavita

By Nayi Dhara RadioArtsBooksFiction
Download on the App Store

All Pratidin Ek Kavita episodes

  • Nickname | Parveen Shakir

    निक-नेम | परवीन शाकिर


    तुम मुझ को गुड़िया कहते हो

    ठीक ही कहते हो!

    खेलने वाले सब हाथों को मैं गुड़िया ही लगती हूँ

    जो पहना दो मुझ पे सजेगा

    मेरा कोई रंग नहीं

    जिस बच्चे के हाथ थमा दो

    मेरी किसी से जंग नहीं

    सोचती जागती आँखें मेरी

    जब चाहे बीनाई ले लो

    कूक भरो और बातें सुन लो

    या मेरी गोयाई ले लो

    माँग भरो सिन्दूर लगाओ

    प्यार करो आँखों में बसाओ

    और फिर जब दिल भर जाए तो

    दिल से उठा के ताक़ पे रख दो

    तुम मुझ को गुड़िया कहते हो

    ठीक ही कहते हो!

    3 min
  • Abhi Main Pehchanti Hun Tumhe | Gagan Gill

    अभी मैं पहचानती हूँ तुम्हें | गगन गिल


    अभी मैं पहचानती हूँ तुम्हें

    रंगों में

    किरणों में


    देख लेती हूँ

    हवा की सरसरहाट में

    छिपे बैठे हो किस ओर


    लगाए रहती हूँ

    सन्नाटे में कान


    ठिठुरता है दिल जब

    लंबी लगती है रात

    मालूम रहता है तब भी

    यहीं कहीं होगे तुम

    सुधार रहे होगे

    दुनिया की घड़ी


    एक दिन जब पहुँचूँगी

    सभा में तुम्हारी

    बिना नेत्रों, इंद्रियों के

    कैसे पहचानूँगी तुम्हें तब


    किससे कहूँगी

    कैसी पीड़ा में मिटी

    इस जन्म

    धीरे-धीरे

    मेरे माथे की लिखत


    अभी मैं पहचानती हूँ तुम्हें

    इस कण भर समय में


    उस काल-रात्रि के बीहड़ में 

    कहाँ ढूँढूँगी तुम्हें?

    3 min
  • Kritagyata | Shri Naresh Mehta

    कृतज्ञता । श्रीनरेश मेहता


    धूप और गरमी में तपता


    पसीने से लथपथ

    वह उस वृक्ष की छाया तले पहुँचा।


    छाया क्या थी।

    जल था,


    टिका दी तने से कुल्हाड़ी

    और गमछा बिछा लेट गया


    निश्चिंत।

    नींद जब खुली


    पहर ढल रहा था,

    वह हड़बड़ाता उठा


    और लगा पेड़ काटने।


    2 min
  • Stree Ke Baare Mein | Kailash Manhar

    स्त्री के बारे में । कैलाश मनहर


    किसी अँधेरे कमरे में

    सीलन भरे कोने की


    ठंडी दीवार से बात करते हुए

    जो स्त्री रो रही है


    क्या कोई उस स्त्री के बारे में जानता है?

    जो उसके बारे में नहीं जानता


    वह अपनी माँ के बारे में क्या जानता है

    और पत्नी के बारे में


    वह शायद ही जानता है

    अपनी बहिन और बेटी के बारे में


    जो एकांत में बिलखती स्त्री के बारे में

    कुछ नहीं जानता


    वह धरती के बारे में क्या जानता है?


    2 min
  • Aapki Yaad Aati Rahi Raat Bhar | Faiz Ahmad Faiz

    आप की याद आती रही रात भर । फ़ैज़ अहमद फ़ैज़


    आप की याद आती रही रात भर'

    चाँदनी दिल दुखाती रही रात भर


    गाह जलती हुई गाह बुझती हुई

    शम-ए-ग़म झिलमिलाती रही रात भर


    कोई ख़ुशबू बदलती रही पैरहन

    कोई तस्वीर गाती रही रात भर


    फिर सबा साया-ए-शाख़-ए-गुल के तले

    कोई क़िस्सा सुनाती रही रात भर


    जो न आया उसे कोई ज़ंजीर-ए-दर

    हर सदा पर बुलाती रही रात भर


    एक उम्मीद से दिल बहलता रहा

    इक तमन्ना सताती रही रात भर


    3 min
  • Dost Kuch Aur Bhi Hain | Idris Babar

    दोस्त कुछ और भी हैं | इदरीस बाबर


    दोस्त कुछ और भी हैं तेरे अलावा मिरे दोस्त

    कई सहरा मिरे हमदम कई दरिया मिरे दोस्त


    तू भी हो मैं भी हूँ इक जगह पे और वक़्त भी हो

    इतनी गुंजाइशें रखती नहीं दुनिया मिरे दोस्त!


    तेरी आँखों पे मिरा ख़्वाब-ए-सफ़र ख़त्म हुआ

    जैसे साहिल पे उतर जाए सफ़ीना मिरे दोस्त!


    ज़ीस्त बे-मा'नी वही बे-सर-ओ-सामानी वही

    फिर भी जब तक है तिरी धूप का साया मिरे दोस्त!


    अब तो लगता है जुदाई का सबब कुछ भी न था

    आदमी भूल भी सकता है न रस्ता मिरे दोस्त!


    राह तकते हैं कहीं दूर कई सुस्त चराग़

    और हवा तेज़ हुई जाती है अच्छा मिरे दोस्त!

    3 min
  • Achchi Maayein | Kalpana Manorama

    अच्छी माँएँ | कल्पना मनोरमा


    बेटियों की नाराज़गी की चिंता

    नहीं करतीं अच्छी माँएँ


    वे उनके भविष्य की उधेड़-बुन में

    उधेड़ती रहती हैं स्वयं को जी भर


    अच्छी माँएँ ऊपर-ऊपर से

    लीपकर चिकना नहीं बनातीं


    वे बेटियों को पाथती हैं

    कंडों-उपलों की तरह


    नहीं छोड़ना चाहती हैं वे

    उनका एक भी कोना


    बिना थपका हुआ

    उसके बदले में माँओ को प्यार नहीं


    मिलती है नासमझ बेरुख़ी

    बेटियों की तरफ़ से


    लेकिन वे फिर भी मढ़ती रहती है

    ढोलक की तरह अपनी बेटियों को


    अंधे खटीक की तरह लगन से

    वे सोचती हैं


    और दूर तक देखती हैं

    अच्छी माँएँ चाहती हैं


    जब बेटियाँ करें आरंभ पाथना

    अपना जीवन!


    तो बना सकें अद्भुत आकार

    अपनी गृहस्थी का


    अच्छी माँएँ डाँटने से नहीं

    ज्यादा दुलराने से डरती हैं


    क्योंकि

    अच्छी माँएँ कोयल नहीं


    बया होती हैं।


    3 min
  • Jaisi Karni Waisi Bharni | Hari Joshi

     जैसी करनी, वैसी भरनी । हरि जोशी 


    पचास वर्ष पूर्व,

    मैं था तीस का, औऱ बेटा तीन का,

    मैं श्रीमती जी को सावधान किया करता था,

    'बाबा' बहुत छोटा है,

    घर के आँगन या चार दीवार से,

    वह अकेले ही निकल नहीं जाए, रखना तनिक ध्यान,

    सभी काम छोड़ श्रीमती जी उसका ख़याल रखती थीं।


    और आज,

    धाड़की पर जाने से पूर्व,

    बेटा, अपनी श्रीमती को करता है आगाह,

    'बाबा' की उम्र बहुत अधिक हो गई,

    आँगन या घर की चार दीवारी को,

    अकेले ही लाँघकर ओझल न हो जाएँ

    रखना बहुत ध्यान

    यह पराया देश है, हो न कहीं बवाल?


    जीवन कथा जाए नहीं बरनी,

    जैसी करनी, वैसी भरनी।


    3 min
  • Neend Aayi Na Mrityu | Champa Vaid

    नींद आई न मृत्यु । चंपा वैद


    कल रात लगा


    मृत्यु आ रही है

    बाएँ हाथ की छोटी उँगली पर


    उसने दस्तक दी

    बिस्तर साफ़ किया


    पैसे सँभाले

    काग़ज़ और चाबियाँ मेज़ पर रख दीं


    रात भर प्रतीक्षा की

    नींद आई न मृत्यु

    2 min
  • Puraskaar | Kunwar Narayan

    पुरस्कार । कुँवर नारायण


    वनवास और राज्याभिषेक


    रोज़ की लीला है

    जिस ख़ुशी को मुकुट पहने


    सब देख रहे मेरे चेहरे पर

    वह केवल बच्चों का मुखौटा है


    मेरे अंदर तो कहीं

    दूर सरयू-तट पर


    जल-समाधि लेते

    सूर्य की उदासी है


    2 min