प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की डिग्री से जुड़े एक मामले में आज दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और सांसद संजय सिंह अहमदाबाद की मेट्रोपोलिटन कोर्ट में पेश होना था. लेकिन, दिल्ली में बाढ़ के हालात के चलते दोनों कोर्ट में पेश नहीं हो सके. दोनों की ओर सुनवाई की तारीख आगे बढ़ाने का निवेदन किया गया था, जिसे कोर्ट ने मंजूर कर लिया और अगली तारीख 26 जुलाई तय कर दी है. बिहार में BPSC के ज़रिए होने वाली शिक्षकों की बहाली के मुद्दे पर आज विधानसभा में खूब शोरगुल हुआ. ये हंगामा तब और बढ़ गया, जब पटना में बीजेपी के निकाले जा रहे मार्च पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े गए. बिहार में बीजेपी के विधान पार्षद देवेश कुमार ने दावा किया है कि पटना में पुलिस की लाठीचार्ज के बाद हुई भगदड़ में एक पार्टी कार्यकर्ता की मौत हो गई है. मामले में बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने नीतीश सरकार को घेरते हुए कहा कि ये राज्य सरकार की विफलता और बौखलाहट का नतीजा है. सुनिए शाम 4 बजे की खबरें