भारत और पाकिस्तान के बीच हुए बंटवारे पर बहुत फिल्में बनीं लेकिन बलराज साहनी की गरम हवा गज़ब है. ‘गरम हवा’ फिल्म सलीम मिर्जा की जिंदगी और उसके इर्द-गिर्द की घटनाओं पर आधारित है. बंटवारे की आग में देश झुलस रहा है. दोनों तरफ के लोगों में अफरातफरी मची हुई है. उधर से पंजाबी और सिंधी अपना घर और कामकाज छोड़कर भारत की तरफ आ रहे हैं, तो इधर के मुसलमान अपने बेहतर भविष्य के सपने लेकर पाकिस्तान जा रहे हैं. जिसे वो ‘अपना देश’ मानने लगे हैं. इन्हीं मुसलमानों के बीच एक आशावादी सलीम मिर्जा (बलराज साहनी) हैं, जिनका मानना है कि गांधी जी की शहादत रंग लाएगी और हालात शांत होंगे.