लोकसभा इलेक्शन 2024 के पहले चरण का मतदान 19 अप्रैल को संपन्न हो चुका है। पहले चरण में शुक्रवार को 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 102 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान हुआ। लोकसभा चुनाव के पहले चरण में कुल 62.37 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसी बीच, मणिपुर में इनर मणिपुर लोकसभा क्षेत्र के 11 मतदान केंद्रों पर आज फिर से मतदान हो रहा है। इलेक्शन कमीशन ने 20 अप्रैल को इसे लेकर आदेश जारी किया था। इन बूथों पर 19 अप्रैल को लोकसभा चुनाव के पहले चरण में हिंसा और तोड़फोड़ हुई थी। पहले फेज में जिन 11 बूथों पर वोटिंग हो रही है उनमें साजेब, खुरई, थोंगम, बामन कंपू (साउथ-ईस्ट), खोंगमान जोन-V(ए), इरोइशेम्बा, इरोइशेम्बा ममांग लेइकाई, लेइकाई बामन कंपू (नॉर्थ-ए), बामन कंपू (नॉर्थ-बी), बामन कंपू (साउथ-वेस्ट), इरोइशेम्बा मयाई लेइकाई और खैदेम माखा शामिल हैं। वहीं, आज पीएम नरेंद्र मोदी उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में चुनावी प्रचार को धार देंगे और गौतमबुद्ध नगर में बहुजन समाज पार्टी सुप्रीमो मायावती चुनावी जनसभा करेंगी।