अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने रविवार को कहा कि अमेरिका में मतदान के अधिकार समेत मौलिक अधिकारों पर आज भी हमले हो रहे हैं। उन्होंने अलबामा के सेल्मा में नागरिक अधिकारों के लिए मार्च निकाल रहे लोगों पर हुए हमलों के 59 साल पूरे होने पर आयोजित एक कार्यक्रम में यह बात कही। मतदान के अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे कार्यकर्ताओं को 1965 में कानून प्रतर्वन अधिकारियों ने जिस एडमंड पेट्टस ब्रिज पर पीटा था, वहीं यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। हैरिस ने कहा, ‘‘आज, हम यह जानते हैं कि आजादी के लिए हमारी लड़ाई समाप्त नहीं हुई है, क्योंकि अब भी हम हर प्रकार की आजादी के मूल-मतदान के अधिकार समेत उस स्वतंत्रता पर हमला होता देख रहे हैं, जिसे बहुत संघर्ष के बाद हासिल किया गया है।’’ उन्होंने मतदान केंद्रों पर उपस्थित नहीं हो पाने की स्थिति में और शीघ्र मतदान संबंधी बाधाओं सहित मतदान को प्रतिबंधित करने के प्रयासों की आलोचना की। हैरिस ने कहा, ‘‘हम किस तरह के देश में रहना चाहते हैं? क्या हम स्वतंत्रता और न्याय सुनिश्चित करने वाले देश में रहना चाहते हैं? या हम अन्याय, नफरत और भय के माहौल वाले देश में रहना चाहते हैं?’’,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,अमेरिका में राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए रिपब्लिकन उम्मीदवार चुनने की प्रक्रिया के तहत हुए डिस्ट्रिक्ट ऑफ कोलंबिया (डी.सी.) के प्राइमरी चुनाव में निक्की हेली ने पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को हरा कर 2024 प्रचार मुहिम के दौरान अपनी पहली जीत हासिल की। हेली को रविवार को मिली जीत ने ट्रंप के विजयी रथ को अस्थायी रूप से रोक दिया है लेकिन इस सप्ताह होने वाले ‘सुपर ट्यूजडे’ (महामंगलवार) में पूर्व राष्ट्रपति को बड़ी संख्या में डेलिगेट (मतदाताओं का प्रतिनिधित्व करने वाले पार्टी सदस्य) का समर्थन मिलने की संभावना है। ‘सुपर ट्यूजडे’ अमेरिका के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवारों के चयन के लिए प्राइमरी चुनाव प्रक्रिया का वह दिन होता है, जब सबसे अधिक राज्यों में प्राइमरी और कॉकस चुनाव होते हैं। अपने गृह राज्य साउथ कैरोलाइना में पिछले सप्ताह मिली हार के बावजूद हेली ने कहा था कि वह अपनी दावेदारी नहीं छोड़ेंगी। डी.सी. रिपब्लिकन पार्टी के अधिकारियों ने रविवार को हेली को विजेता घोषित किया। इससे पहले, ट्रंप ने शनिवार को इडाहो और मिसौरी में कॉकस में जीत हासिल की थी और मिशिगन में रिपब्लिकन पार्टी के सम्मेलन में सभी का समर्थन प्राप्त किया था।