स्कूल पहुंचने के लिए सभी छात्र हॉगवर्ड्स एक्सप्रेस में बैठ गए। हैरी, रॉन तथा हर्माइनी जिस कंपार्टमेंट में बैठे, उसी में प्रोफ़ेसर ल्यूपिन बैठे हुए सो रहे थे । हैरी, रॉन तथा हर्माइनी काफी देर तक सीरियस ब्लैक के बारे में बातें करते रहे । फिर अचानक ही ट्रेन रुक गई और एक नकाब जैसा पहने हुए दम पिशाच ट्रेन के दरवाजे से अंदर घुस आया। हैरी बेहोश हो गया और उसी स्थिति में उसने अनुभव किया कि उसे एक औरत की चीख़ सुनाई दे रही है ,जो गिड़गिड़ा रही है ,रो रही है । हैरी उसकी मदद करना चाहता है परंतु उसके हाथ नहीं उठ पा रहे ।उसकी आंखें नहीं खुल पा रही। फिर कुछ देर बाद वह होश में आया तो उसने देखा कि सभी उसे घेरे खड़े थे प्रोफ़ेसर ल्यूपिन ने उसे चॉकलेट का टुकड़ा दिया, जिसे खाने के बाद उसे अच्छा लगा। स्कूल में पहुंचकर वे सब दावत में शामिल हुए ,जहां प्रोफेसर डम्बलडोर ने छात्रों को चेतावनी दी कि होगवार्ट्स स्कूल के सभी दरवाजों पर दम पिशाचों का पहरा है। इसलिए कोई भी छात्र बाहर ना निकले । सीरियस ब्लैक महल में न पहुंच जाए इसलिए जादू मंत्रालय की यह व्यवस्था है। इसके बाद डम्बलडोर ने उन्हें 2 शिक्षकों से परिचित कराया । जिनमें से एक तो प्रोफेसर ल्यूपिन थे जो गुप्त कलाओं से रक्षा विषय के अध्यापक थे, और दूसरे थे जादुई प्राणियों की देखभाल विषय के नए अध्यापक रूबियस हैग्रिड।